बरेली। श्यामगंज सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम ने जब किरायेदारों पर किराया बढ़ाने और नामांतरण कराने के लिए दबाव बनाया तो हंगामा शुरू हो गया। पार्षद के हस्तक्षेप पर माहौल शांत हुआ।
श्यामगंज सब्जी मंडी में नगर निगम की दुकानें हैं। यहां लंबे समय से दुकानदार काबिज हैं। हर पांच साल में किराया बढ़ जाता है। व्यापारियों का दावा है कि अब कई गुना किराया बढ़ाने की तैयारी है। इसीलिए पुरानी दर पर किराया जमा नहीं किया जा रहा है। इस मामले में बृहस्पतिवार को दोपहर राजस्व निरीक्षक टिंकू सिंह के नेतृत्व में टीम बाजार में पहुंची और दुकानों के मूल आवंटी को बुलाने के लिए दबाव बनाया।
कहा कि किराया तभी जमा होगा जब मूल आवंटी आएंगे। इसको लेकर व्यापारियों से कर निरीक्षक की कहासुनी हो गए। मौके पर पहुंचे पार्षद ने दोनों पक्षों को समझाया। कहा कि महापौर आश्वासन दे चुके हैं कि मनमाना किराया नहीं बढ़ेगा। वहीं, नामांतरण के लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके लिए वह महापौर से मिलेंगे।
राजस्व निरीक्षक ने बताया कि बड़ी संख्या में सिकमी किरायेदार दुकानों पर काबिज हैं और वे समय पर किराया नहीं दे रहे। ऐसे मामलों में नामांतरण के लिए कहा गया है। जो बकाया किराया जमा कर रहे हैं, उनको नहीं रोका गया। इस वित्तीय वर्ष का किराया संशोधित हो रहा है। इसलिए अभी इस वित्तीय वर्ष का किराया नहीं जमा किया है। पुराना बकाया वह जमा कर रहे हैं। ब्यूरो