बरेली के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में कोहाड़ापीर के तकिया रहमान शाह कब्रिस्तान के बाहर खाली जगह में शव को रखकर नमाजे जनाजा की जाती है। इस जगह पर आसपास के लोगों ने अवैध पार्किंग बना रखी है और वह अपनी कारें व अन्य वाहन यहां खड़े कर देते हैं। इसे लेकर मंगलवार को लोगों में आक्रोश फैल गया।
विज्ञापन
सूफी टोला निवासी सरताज हुसैन ने यूपी 112 को कॉल करके बुलाया और बताया कि वह अपनी भाभी के शव को दफन कराने आए थे। यहां नमाजे जनाजा के लिए शव रखने की जगह नहीं है। जिनकी कारें खड़ी हैं, वह लोग कार हटाने की बजाय उन लोगों को धमकी दे रहे हैं। इस पर वहां हंगामे की स्थिति बन गई।
बाद में पुलिस ने उक्त लोगों को बुलाकर कारें हटवा दीं और शव दफन कर दिया गया। प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि एक ही समुदाय से जुड़े लोगों का मामला था। खाली जगह पर लोगों ने कारें पार्क कर दी थीं, जिन्हें हटवा दिया गया।