घंटे भर देरी से हुई मुंबई के लिए उड़ान
घने कोहरे और धुंध की वजह से सोमवार को भी हवाई यात्रा प्रभावित रही। बरेली एयरपोर्ट पर उतरने का सिग्नल न मिलने की वजह से मुंबई एयरपोर्ट से विमान ने 45 मिनट की देरी से उड़ान भरी। वहीं, बरेली पहुंचने के बाद करीब घंटेभर की देरी से वापसी हो सकी।
एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक रविवार की तरह सोमवार को भी शहर में सुबह घना कोहरा रहा। सुबह दस बजे तक दृश्यता शून्य होने की वजह से बरेली एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री परेशान हुए। निर्धारित समय से करीब 45 मिनट बाद दोपहर 12:40 बजे मुंबई से उड़ान हो सकी।
विमान दोपहर 2:55 बजे बरेली पहुंचा। यहां से 1:02 घंटे की देरी से अपराह्न 3:30 बजे मुंबई के लिए विमान ने उड़ान भरी। यह उड़ान 58 मिनट की देरी से शाम 6:07 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से आईं
कोहरे और सर्दी का असर ट्रेनों के संचालन पर बरकरार है। कोहरे में सोमवार को सुपरफास्ट ट्रेनें भी धीमी रफ्तार से चलीं। 12232 लखनऊ इंटरसिटी सुपरफास्ट सोमवार को भोर में 4:20 बजे के स्थान पर दिन में 10:35 बजे और 12203 अमृतसर गरीब रथ सुपरफास्ट सुबह 9:28 के स्थान पर शाम 15:28 बजे से आई। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 6:43 के स्थान पर 11:42 बजे देरी से आई। यात्रियों का सर्दी में इंतजार करना पड़ा।