निवेश कुंभ में मौजूद रहे उद्यमी
- फोटो : अमर उजाला
मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा व बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी निवेश के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया। शासन तक उनकी पैरवी करने की बात कही। लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष उन्मुक्त संभवशील ने संचालन किया। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, आईएमए अध्यक्ष डॉ. विनोद पागरानी, पवन अरोरा, अभिनव कटरू, राजेश गुप्ता, राजेन विद्यार्थी, एसके सिंह, दिनेश गोयल आदि मौजूद रहे।
585 निवेशकों से मिले 18 हजार करोड़ के प्रस्ताव
संयुक्त आयुक्त उद्योग ने बताया कि मिनी कुंभ में 18000 करोड़ रुपये के निवेश के 585 प्रस्ताव सामने आए। आंवला क्षेत्र के जैनपुर कादराबाद में आंवला डिस्टलरी प्राइवेट लिमिटेड 100 करोड़ रुपये लगाकर फूड ग्रेन से एथनॉल बनाएगा। खाद्यान्न से बायोफ्यूल बनाने के लिए 150 करोड़ रुपये निवेश के लिए कार्बोनेक्स ग्रुप व 350 करोड़ रुपये के निवेश के इरादे के साथ धामपुर बायो ऑर्गेनिक लिमिटेड ने उत्साह दिखाया है।
बहेड़ी में डेयरी क्राफ्ट ने 220 करोड़ रुपये व वाडीलाल ग्रुप 250 करोड़ रुपये लगाकर देश-विदेश में दुग्ध उत्पादों की विक्री करेगा। मैक्सब्लिस ग्रुप रियल स्टेट में 1500 करोड़ का निवेश करेगा। टूरिज्म में इनोटेरा एजी ग्रुप ने 1000 करोड़ तथा आरएमएस ग्रुप होटल रेडिसन को विस्तार देने व दो नए होटल व इलेक्टि्रकल चार्जिंग स्टेशन बनाने पर 600 करोड़ रुपये का निवेश करेगा।
उद्यमी तौसीफउद्दीन खां , रजत मेहरोत्रा और राजेश गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
निवेश कुंभ में जो कहा है, उस पर होता रहे अमल
उद्यमी रजत मेहरोत्रा ने कहा कि वह बैंकर्स के सहयोग से कोल्ड स्टोरेज और वेयर हाउस इंडस्ट्री में पांच करोड़ के निवेश करेंगे। उनके निवेश से 70 लोगों को रोजगार मिलेगा। रजऊ परसपुर में पांच बीघा जमीन चयनित कर ली है। उद्योग लगाने के लिए खेती की जमीन की श्रेणी बदलवाकर प्रोजेक्ट पर अमल शुरू कर देंगे। एनओसी में वक्त न लगे, यही चाहते हैं। उनका कहना था कि अधिकारियों ने जो रुख अपनाया है, उससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, लेकिन जो कहा है उस पर अमल होता रहे।
बहेड़ी में बनाए जाएंगे सब्जी मसाले
बहेड़ी से आए उद्यमी तौसीफउद्दीन खां ने कहा- जब से इन्वेस्टर्स समिट की बात आई है, तब से उद्यमियों की हर बात सुनी जा रही है। जल्दी समस्याओं का समाधान करने की बात अफसर कर रहे हैं। पहले की तरह भागदौड़ करने की जरूरत नहीं लग रही है। मैं तो यही कहूंगा कि इसे आगे भी जारी रखा जाए। उन्होंने बताया कि वह खाद्य तेल इंडस्ट्री चला रहे हैं। अब सब्जी के लिए विभिन्न तरह के मसाले तैयार करके बाजार में उतारेंगे। इसके लिए पचास लाख रुपये का नया निवेश कर रहे हैं। तीस नए लोगों को रोजगार मिलेगा। ब्यूरो
पीपीपी मोड में औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएं
उद्यमी राजेश गुप्ता ने कहा कि 18 हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव आ चुके हैं पर अभी बहुत बड़ी गुंजाइश बाकी है। औद्योगिक आस्थानों में खाली भूमि नहीं है। अभी तक जो प्रस्ताव आए हैं उसमें उद्यमियों ने पहले से उपलब्ध अपनी जमीन पर उद्योग लगाने की बात कही है। सरकार ने पीपीपी मोड में औद्योगिक पार्क स्थापित करने के लिए जो नई नीति बनाई है, अगर उस पर ठीक से अमल हो जाए तो निवेश दोगुना हो सकता है। बीडीए ने जो जमीन उद्योगों के लिए आरक्षित की है, वह महंगी है। इसलिए पीपीपी मोड पर ऐसी जमीनी दी जाएं, जिसमें कम मे कम लागत लगे।