बरेली। रेलवे ने महाकुंभ के लिए विशेष ट्रेनों की समय सारिणी घोषित करनी शुरू कर दी है। देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से प्रयागराज के लिए अब तक 40 से ज्यादा विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी की जा चुकी है। हालांकि, इनमें बरेली होते हुए गुजरने वाली कोई ट्रेन नहीं है। जनवरी के पहले सप्ताह तक बरेली होते हुए गुजरने वाली ट्रेनों की समय सारिणी जारी करने का क्रम शुरू हो जाएगा।
बरेली होते हुए अप-डाउन 14 महाकुंभ विशेष ट्रेनों का संचालन होना है। यह ट्रेनें पंजाब, दिल्ली, जम्मू, उत्तराखंड राज्यों से प्रयागराज के लिए चलाई जाएंगी। दरअसल, कोहरे के कारण बरेली होते हुए पूर्वांचल और बिहार, बंगाल के लिए जाने वाली अप-डाउन 18 ट्रेनें 28 फरवरी तक निरस्त चल रही हैं। प्रयागराज महाकुंभ का आयोजन का आयोजन 13 जनवरी से 26 फरवरी तक होना है। बरेली होते हुए प्रयागराज जाने वाली जिन 14 ट्रेनों का संचालन किया जाना है उनमें अप-डाउन छह ट्रेनों को निरस्त चल रहीं ट्रेनों की समय सारिणी के अनुसार संचालित किया जाएगा। महाकुंभ विशेष ट्रेनों का संचालन प्रमुख स्नान पर्व के दौरान किया जाएगा।
ट्रेनों में यात्रा के लिए 60 दिन पहले तक टिकट बुक कराया जा सकता है। ऐसे में बरेली होते हुए प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में पहले ही सीटें फुल हो चुकी हैं। लोगों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। ऐसे में वह विशेष ट्रेनों की समय सारिणी जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।