बरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए सोमवार को उपप्रधान परीक्षक और परीक्षकों की सूची जारी हो गई। कुल 2,875 परीक्षकों में से 287 उप प्रधान परीक्षक और 2,588 परीक्षक शामिल हैं। मंगलवार को इन्हें मूल्यांकन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार के मुताबिक मंगलवार को उपप्रधान परीक्षक व परीक्षकों का प्रशिक्षण उनसे संबंधित मूल्यांकन केंद्रों पर होगा। इस संबंध में ड्यूटी में लगे सभी परीक्षकों को सूचना दी गई है। प्रशिक्षण के दौरान मूल्यांकन केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। उप नियंत्रकों का प्रशिक्षण पूर्व में हो चुका है। सोमवार को उपप्रधान परीक्षक और परीक्षकों की सूची जारी हुई। प्रशिक्षण के बाद 19 मार्च से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बोर्ड के निर्देशों के अनुसार शुरू होगा। अनुपस्थित परीक्षक पर कार्रवाई होगी।
मूल्यांकन के बदले यूपी बोर्ड से निर्धारित पारिश्रमिक परीक्षकों को मिलता है। हाईस्कूल की प्रति कॉपी जांचने पर 14 रुपये, इंटर की काॅपियां जांचने पर 15 रुपये मिलते हैं। इस बार मूल्यांकन से दो दिन पहले परीक्षक बुलाए है। इन दो दिन का पारिश्रमिक मिलेगा, इस पर असमंजस है।
किस केंद्र पर कितने उप प्रधान परीक्षक और परीक्षक
जारी सूची के अनुसार हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और सरस्वती विद्यालय इंटर कॉलेज में होगा। यहां क्रमवार 76 और 85 उप प्रधान परीक्षक, 758 और 842 परीक्षक मूल्यांकन करेंगे। इंटर की उत्तरपुस्तिका का मूल्यांकन राजकीय इंटर कॉलेज और एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में होगा। यहां क्रमवार 57 और 69 उप प्रधान परीक्षक, 458 और 530 परीक्षक मूल्यांकन करेंगे।
सौंपे कार्य करने में असमर्थता जताने पर होगी कार्रवाई
जारी निर्देश के तहत संकलन केंद्रों के उपनियंत्रक को अनुपस्थित उपप्रधान परीक्षक और परीक्षकों की सूची 18 मार्च को दोपहर 12 बजे तक देनी होगी। सौंपे गए कार्य जिसमें उत्तर पुस्तिका के बंडल लाने, ले जाने, मूल्यांकन आदि शामिल हैं, के निर्वहन में असमर्थता जताने या बगैर ठोस वजह अनुपस्थित होने पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के नियम-14 कर्तव्यों की उपेक्षा के लिए दंड प्राविधानांतर्गत के तहत वेतन रोक दिया जाएगा। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। ब्यूरो