बरेली। लॉकडाउन के चलते दो महीने से ज्यादा समय से बंद एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी बुधवार से खुल जाएंगी। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छह जुलाई से परीक्षाएं कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। शासन से अनुमति मिलने के बाद परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय ने स्नातक और परास्नातक की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू करा दी थीं, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते परीक्षाएं रोक दी र्गइं। कुलपति प्रोफेसर अनिल शुक्ल ने बताया कि बाद में 10 जून से परीक्षाएं कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था लेकिन सब कुछ लॉकडाउन खुलने पर टिका था। लॉकडाउन चूंकि 31 मई तक पूरी तरह प्रभावी रहा, लिहाजा 10 जून से परीक्षाएं कराना संभव नहीं हो सका। विश्वविद्यालय अब तीन जून से खुल जाएगा। जुलाई में परीक्षा कराने का विचार है। इसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
अस्थायी प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे
प्राइमरी स्कूलों में 69000 सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए प्रमाण पत्रों की जरूरत है। उन्हें मंगलवार से प्रमाणपत्र देने शुरू कर दिए गए हैं। मंगलवार को बरेली, पीलीभीत और रामपुर के अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए। बुधवार-गुरुवार को मुरादाबाद, बिजनौर, संभल और शुक्रवार-शनिवार को शाहजहांपुर, बदायूं तथा जेपीनगर के अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।