बरेली। विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में शनिवार को बरेली कॉलेज में दो परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया। अन्य जिलों में उड़ाका दल ने कुल 89 छात्रों को नकल करते पकड़ा। शनिवार को तीन पालियों में दो हजार से अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस बार परीक्षा में सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकार्डर लगाए जाने और लगातार परीक्षार्थी परीक्षाएं छोड़ रहे हैं।
पहली पारी में जहां 1575 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी तो वहीं दूसरी पाली में 267 और तीसरी पाली में 246 छात्रोें ने परीक्षा छोड़ दी। कुल 2088 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में नकलची भी पकड़े गए। इस दौरान पहली पारी में 36, दूसरी पारी मेें 17 और तीसरी पारी में 36 नकलची पकड़े गए। उधर, बरेली कॉलेज में भी परीक्षा के दौरान दूसरी पाली में दो नकलची पकड़ लिए गए। कॉलेज के आंतरिक उड़ाका दल ने इन दोनों परीक्षार्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए धर दबोचा। चीफ प्राक्टर वंदना शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले छात्र-छात्राआें को बख्शा नहीं जाएगा।
बिजनौर-शाहजहांपुर के कॉलेजों की सीसीटीवी कनेक्टिविटी कमजोर
क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राजेश प्रसाद ने बताया कि उनका पूरा ध्यान बिजनौर और शाहजहांपुर पर है। बताया कि इन जिलों में कई कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे ठीक से नहीं काम कर रहे हैं। इसके लिए इंटरनेट की कम स्पीड को जिम्मेदार बताया जा रहा है। इन कॉलेजों को यह स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने यहां हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्शन लगवा लें, ताकि कनेक्टिविटी की दिक्कत ना आए।