12 जनवरी को प्रस्तावित दीक्षांत समारोह की तैयारी में जुटा विश्वविद्यालय प्रशासन
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 12 जनवरी को होगा। राजभवन ने दीक्षांत समारोह की तारीख पर मुहर लगा दी है। पिछली बार कोरोना के चलते दीक्षांत समारोह वर्चुअल हुआ था, लेकिन इस बार ऑफलाइन मोड में होगा। इसमें राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल छात्रों को मेडल देंगी। तैयारियों के लिए 26 समितियां गठित की गई हैं।
कोरोना काल की वजह से पिछले साल रुहेलखंड विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह ऑनलाइन हुआ था। राज्यपाल ने ऑनलाइन ही समारोह को संबोधित किया था। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने इस बार राजभवन को पत्र लिखकर दीक्षांत समारोह के लिए जनवरी के दूसरे सप्ताह की तारीख का प्रस्ताव भेजा था। राज्यपाल ने 12 जनवरी की तिथि पर सहमति दे दी है। मंगलवार को विश्वविद्यालय में हुई बैठक के दौरान कमेटियों का निर्धारण कर अब उन्हें जिम्मेदारी सौंप दी गईं हैं। करीब 22 दिन बाद होने वाले दीक्षांत समारोह में कोई कमी न रहे, इसलिए बेहद सतर्कता और मुस्तैदी के साथ दायित्वों के निर्वहन के निर्देश कुलपति प्रो. केपी सिंह ने दिए हैं।
समितियों में स्वास्थ्य समिति, स्थल और मंच व्यवस्था समिति, माला, बुके, दीप प्रज्वलन समिति, बैनर, झंडा, सड़क सफाई, गमलों की व्यवस्था समिति, अनुशासन व्यवस्था समिति, डिग्री वितरण, पत्र लेखन, मेडल और यूनिफार्म कोड, जिला प्रशासन संपर्क, आमंत्रित व्यक्तियों की सूची बनाकर डिस्पैच, साउंड सिस्टम, पानी, परिचय पत्र निर्माण, वाहन पार्किंग, अभिभाषण प्रति आदि से संबंधित समितियां गठित की गईं हैं। सभी समितियों को अपनी तैयारियों संबंधी रिपोर्ट तैयार कर अवगत कराने के लिए कहा गया है।