बरेेली। निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब के खेल मैदान पर आयोजित जीपी कॉर्पोरेट समर स्मैश टूर्नामेंट में दूसरे दिन यूनिटी वीएच पावर और हेल्थ वेलनेस क्लब के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें यूनिटी वीएच पावर ने जीत दर्ज की।
हेल्थ वेलनेस क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी यूनिटी वीएच पावर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में अपने सभी विकेट खोकर 176 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। आशीष वर्मा ने 38 और प्रसून गंगवार ने 26 रन की पारी खेली। हेल्थ वेलनेस क्लब के गेंदबाज नीरज तोमर और हर्षेंद्र राणा ने तीन- तीन विकेट चटकाए।
177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हेल्थ वेलनेस क्लब की टीम ने डटकर मुकाबला किया लेकिन टीम 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 165 रन ही बना सकी। पारस कौशिक ने सर्वाधिक 45 रन बनाए। आशीष दुबे ने 34 और रॉबिन सिंह ने 29 रनों का योगदान दिया।
यूनिटी वीएच पावर के लिए हारिस खान ने तीन और छोटू ने दो विकेट लिए। 25 रन बनाने के साथ ही तीन महत्वपूर्ण विकेट लेने वाले हारिस खान को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।