जिला उद्योग बंधु की बैठक में अमर उजाला का मुद्दा पीले तेल का काला खेल जोरदारी से उठा। उद्यमियों और व्यापारियों ने आरोप लगाए कि घटतौली, मिलावट और टैक्स चोरी में विभागीय अधिकारी खुद शामिल हैं। व्यापारी तो अपना साफ सुथरा धंधा करना चाहता है। जोर दिया गया कि इस अवैध धंधे पर लगाम कसी जाए।
कलक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में सीडीओ शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक के दौरान आईआईए और चैंबर आफ कामर्स के पदाधिकारियों ने तेल के काले धंधे का मुद्दा रखा तो व्यापारी नेता बिफर गए। उद्यमियों का कहना था कि अवैध धंधे पर लगाम लगाने वाली टीम के साथ अक्सर दुर्व्यवहार होता है। इसलिए नकली सरसों तेल का कारोबार फल फूल रहा है। इस पर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री राजेंद्र गुप्ता और संजीव चांदना ने आरोप लगाया कि वाणिज्यकर अधिकारी तेल का अवैध कारोबार करने वालों से मिले हुए हैं। हर दिन करीब 100 टैंकर बरेली बाजार में आ रहे हैं। पकड़ा एक भी नहीं जाता है, क्योंकि उनसे वाणिज्यकर विभाग ने महीना बांध रखा है। यही स्थिति एफएसडीए और बाट माप विभाग की है। व्यापार मंडल अपने स्तर से इस मामले से निपटेगा। उद्यमी अजय शुक्ला ने भोजीपुरा औद्योगिक क्षेत्र में जिला पंचायत की ओर से स्ट्रीट लाइट, हैंडपंप आदि सुविधा न मिलने का मामला उठाया। बैठक में उद्यमी मनोहर धीरवानी, विमल रेबाड़ी, राजेश गुप्ता, आरके गोयल और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। संचालन उपायुक्त (उद्योग) मोहम्मद अफजल ने किया।
वाणिज्यकर अधिकारियों का घेराव आज
बरेली। खाद्य तेल के अवैध कारोबार को संरक्षण देने वाले वाणिज्यकर विभाग का घेराव शुक्रवार को दोपहर बारह बजे किया जाएगा। यह घोषणा उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि आगरा, हापुड़, रामपुर आदि स्थानों से आने वाले तेल से भरे टैंकरों से लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं। इससे टैक्स चोरी और अवैध बाजार पनप रहा है। नंबर एक में काम करने वाले व्यापारी परेशान हैं। वाणिज्यकर अफसरों ने वसूली के लिए सचल दल और एसआईबी सक्रिय कर दी है। इससे साफ सुथरा कारोबार करने वाले व्यापारी परेशान है। ऐसे अफसरों को बेनकाव किया जाएगा। वाणिज्यकर विभाग के अधिकारियों का घेराव करने की रणनीति बनाने के लिए देर शाम व्यापार मंडल कार्यालय पर बैठक हुई। जिसमें भारी संख्या में व्यापारियों और उद्यमियों से पहुंचने का आह्वान किया गया।