भुता इलाके में किशोरी को अगवा कर ले जा रहे आरोपी नावेद और उसके साथी अरमान को हिंदू संगठन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर दबोच लिया। जमकर पिटाई करने के बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
फरीदपुर में भुता इलाके के एक गांव में मामा के यहां रहने आई किशोरी को अगवा कर ले जा रहे रामपुर के रहने वाले दूसरे समुदाय के दो युवकों को परिजनों की सूचना पर हिंदू संगठन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर दबोच लिया। जमकर पिटाई करने के बाद दोनों को भुता पुलिस के हवाले कर दिया गया। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नावेद और उसके साथी अरमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
रामपुर जनपद के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को गांव के ही नावेद और अरमान काफी समय से परेशान कर रहे थे। काफी समझाने के बाद भी जब दबंग युवक नहीं माने तो पिता ने किशोरी को उसके मामा के यहां भुता इलाके के एक गांव में भेज दिया, लेकिन आरोपियों ने फिर भी उसका पीछा नहीं छोड़ा।
सोमवार को आरोपी भुता इलाके में किशोरी के मामा के गांव पहुंचे। वहां मौका पाकर किशोरी को अगवा कर अपने साथ ले जाने लगे, इसकी जानकारी किशोरी के मामा को मिली तो उन्होंने हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना दी। इस पर हिंदू संगठन और भाजपा कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर गांव से कुछ ही दूरी पर आरोपियों को दबोच लिया और उनकी जमकर पिटाई की। इसके बाद दोनों को भुता थाने ले गए और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामा की तहरीर पर आरोपी नावेद और अरमान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।