शीशगढ़/आंवला। शीशगढ़ और आंवला के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
कस्बे के मोहल्ला कंचनकुआं निवासी 20 वर्षीय साहिल मंगलवार शाम अपने साथी के साथ बाइक से सितारगंज के लिए किसी काम से गए थे। सितारगंज क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसके साथी का उपचार चल रहा है। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। साहिल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। संवाद
पुलिस को सूचना दिए बगैर किया अंतिम संस्कार
आंवला। भमोरा रोड पर सोमवार को ई-रिक्शा से भिड़ने के बाद युवक की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय अविवाहित युवक बाहर रहकर नौकरी करता था। इस समय वह अपने गांव आया हुआ था। सोमवार को वह अपने दोस्त के घर गया और उसकी बाइक लेकर आंवला आया था। वापस गांव लौटते वक्त शराब के नशे में बाइक सहित ई-रिक्शा में जा भिड़ा। उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दिए बगैर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद
दो बाइकें भिड़ीं, फैक्टरी कर्मी की मौत
मलसा गिरधरपुर गांव में पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, बहेड़ी निवासी था मृतक
रुद्रपुर। नेशनल हाईवे-74 पर दो बाइकें टकरा गईं। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। परिजनों के आने पर पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा।
मंगलवार सुबह नेशनल हाईवे- 74 पर स्थित मलसा गिरधरपुर गांव में पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों के बीच टक्कर हो गई। एक बाइक सवार के सिर पर गंभीर चोटें आने से वह अचेत हो गया। अस्पताल पहुंचाने तक घायल युवक दम तोड़ चुका था। मृतक के पास मिले दस्तावेज से उसकी पहचान बहेड़ी स्थित ग्राम आदलपुर निवासी चंद्रपाल सिंह (40) के रूप में हुई। मृतक सिडकुल की एक फैक्टरी में काम करता था। हादसे के बाद दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति अपना वाहन छोड़कर वहां से चला गया। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लिया है। संवाद