मीरगंज। सराफा की दुकानों पर गहने खरीदने के बहाने जाकर जेवर चोरी करने की आरोपी व लखीमपुर-खीरी की दो महिलाओं को पुलिस ने रविवार शाम नेशनल हाईवे अंडरपास से गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से तीन-तीन चोरी की लौंग और 1890 रुपये बरामद किए गए हैं।
अशोक कुमार रस्तोगी निवासी अब्दुल्लापुर मिलक रामपुर ने 21 मार्च को मीरगंज थाने में अपनी दुकान से सोने के एक पत्ता लौंग चोरी होने की अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी मीरगंज में थाना रोड पर महेंद्र कुमार ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। चार मार्च को दो महिलाएं शाम चार बजे उनकी दुकान पर लौंग खरीदने के बहाने आई, जिसमें से एक पत्ता लौंग निकालकर चली गई, जिसकी वजन आठ ग्राम थी। उनकी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
भीड़भाड़ वाली दुकानों को बनाती थीं निशाना
रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस नेशनल हाईवे अंडरपास से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग से दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने नाम दीप्ति पत्नी अरुण कुमार एवं मोहिनी पत्नी बाबूराम निवासी एलआरपी बाईपास चौराहा थाना सदर कोतवाली लखीमपुर खीरी बताया है। तलाशी के दौरान दोनों के पास से तीन-तीन सोने की लौंग व 1890 रुपये मिले। आरोपी भीड़भाड़ वाली दुकानों पर सामान देखने के बहाने चोरी कर देहात में बेचती थी। थानाध्यक्ष मीरगंज प्रयागराज सिंह ने बताया कि दोनों महिलाओं को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। संवाद