बरेली। तीन सौ बेड अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने के लिए घायलों को अब सिरिंज नहीं खरीदनी पड़ेगी। जिला अस्पताल से दो हजार सिरिंज शनिवार को मिल गई हैं। आश्वासन दिया है कि मेडिकल काॅरपोरेशन से सिरिंज मिलने तक जरूरत के अनुसार आपूर्ति जारी रहेगी।
दरअसल, तीन सौ बेड अस्पताल में एआरवी वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने के बावजूद सिरिंज का संकट बना हुआ था। 25 दिनों से सिरिंज नहीं होने से मरीजों को बाहर मेडिकल स्टोर से सिरिंज खरीदकर लानी पड़ रही थी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल में प्रतिदिन 200 से 250 मरीज एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने पहुंचते हैं। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया तो हलचल मची। अधिकारियों ने उपलब्धता का दावा किया पर सिरिंज नहीं भेजी। दावे की हकीकत भी प्रकाशित हुई।
आखिरकार शनिवार को सिरिंज एआरवी क्लीनिक पहुंच गईं। हालांकि, आधे दिन की ओपीडी होने से शनिवार को सिरिंज का प्रयोग नहीं हो सका। सोमवार से नियमित एआरवी लगेगी। शनिवार को भी लोगों को जेब खर्च से ही सिरिंज खरीदकर वैक्सीन लगवानी पड़ी।
तीन सौ बेड अस्पताल को दो हजार सिरिंज दी गई हैं। जिला अस्पताल में भी अब एआरवी टीकाकरण शुरू हो गया है। इसलिए सिरिंज करीब दो सप्ताह तक दी जाएंगी। तब तक मेडिकल काॅरपोरेशन से सिरिंज मिलने की उम्मीद है। - डॉ. संजीव गुप्ता, एडी एसआईसी जिला अस्पताल