सीबीगंज (बरेली)। बादशाहनगर गांव में शनिवार सुबह 22 वर्षीय मिथुन का शव खेत में मिला। उसके सिर में गोली लगी थी और पास में तमंचा पड़ा था। मिथुन अपने चाचा के क्लीनिक में कंपाउंडर का काम करता था और शुक्रवार शाम से लापता था। उसके सोशल मीडिया स्टेटस पर ''आज मेरा आखिरी दिन है'' लिखा था। एसपी सिटी ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की जांच से आत्महत्या के संकेत मिले हैं।
शनिवार सुबह राहगीरों की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने चाचा के घर के पीछे बैंक के पास खेत में मिथुन का खून से लथपथ शव देखा। मिथुन की दाहिनी कनपटी पर गोली लगी थी और कुछ दूरी पर उसकी बाइक खड़ी थी। बाइक की डिकी में शराब का आधा पव्वा, गिलास, नमकीन और पानी भी मिला। सूचना मिलने पर एसपी सिटी पुलिस और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। मिथुन के चचेरे भाई की शनिवार को बरात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस घटना से खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।
जलती चिता के साथ लगाया था भावुक स्टेटस
मिथुन ने मौत से 18 घंटे पहले इंस्टाग्राम पर जलती चिता की तस्वीर के साथ भावुक स्टोरी पोस्ट की थी। इसमें लिखा था, ''यह मैं आखिरी हूं, इसके बाद मैं नहीं मिलेगा।'' परिवार के लोग घटना की वजह को लेकर खामोश हैं और उन्होंने किसी से रंजिश होने से इन्कार किया है। पुलिस युवक की इंस्टाग्राम स्टोरी और घटनास्थल पर मिले साक्ष्य को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो सका है कि मिथुन ने खुद को गोली मारी या किसी और ने ये किया है।
युवक के परिवार वाले कोई आरोप नहीं लगा रहे हैं। वैसे आत्महत्या का ही मामला लग रहा है, लेकिन वजह स्पष्ट नहीं है। तमंचा बरामद कर शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है। जांच के बाद ही असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। - चिराग जैन, एसपी सिटी