बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र से बृहस्पतिवार को लापता हुए दो किशोरों के शव शनिवार रामगंगा डैम के पास से बरामद कर लिए गए। दोनों नहाने के लिए निकले थे और परिजनों को उनकी मौत की खबर मिली।
सुभाषनगर में रामअवतार हलवाई के सामने वाली गली निवासी ममता ने शुक्रवार को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया था कि उनकी बहन का बेटा विनीत सैनी (17) और पड़ोस में रहने वाले संजय सिंह धानुक का बेटा सत्यम (15) नहाने की बात कहकर निकले थे। लोगों ने दोनों को ई रिक्शा में बैठकर रामगंगा की ओर जाते देखा था। इसके बाद से दोनों घर नहीं लौटे थे। काफी तलाश के बाद दोनों के परिजनों ने जब पुलिस को बताया। पुलिस भी दोनों की तलाश कर रही थी। शनिवार शाम सूचना पर सुभाषनर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार पुलिस के साथ रामगंगा किनारे पहुंचे। वहां कैंट पुलिस भी बुला ली गई। दो शव डैम के पास दिखाई दे रहे थे। पुलिस से नाव से जाकर यह निकलवा लिए। संदेह के आधार पर सूचना दी तो दोनों के परिवारवाले भी पहुंच गए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों गहरे दोस्त थे। लग रहा है कि वह नहाने को रामगंगा में घुसे थे और गहरे पानी में डूब गए। पानी भरने से शव फूले तो तीसरे दिन दिखाई दिए। ब्यूरो