सीडीपीओ कार्यालय में मनमानी का जिला कार्यक्रम अधिकारी ने लिया संज्ञान
मीरगंज। बाल विकास परियोजना कार्यालय मीरगंज में अनुशासनहीनता और मनमानी चरम पर है। नियुक्ति के बाद से यहां तैनात एक सुपरवाइजर पर बगैर सूचना दिए अनुपस्थित रहने का आरोप लगा है।
स्थानीय नागरिक यशपाल सिंह, सुनील कुमार और शानू खान ने बताया कि एक महिला सुपरवाइजर की नियुक्ति कुछ समय पहले ही मीरगंज सीडीपीओ कार्यालय में हुई थी। अब वह बिना किसी सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित चल रही हैं। आरोप है कि वह सोमवार को सुबह 11:30 बजे कार्यालय पहुंचकर उपस्थिति रजिस्टर में 10 और 13 अक्तूबर के तारीखों पर एक साथ हस्ताक्षर कर दिए। हस्ताक्षर करने के कुछ देर बाद ही वह फिर से कार्यालय से चली गई। स्थानीय नागरिकों ने उच्च अधिकारियों से मामले की जांच करने की मांग की है। जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हो रहा है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवाद