बरेली। रजिस्टर में दर्ज आंकड़े और मौके पर मिले स्टॉक में अंतर मिलने पर संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) ने बरेली और पीलीभीत की एक-एक राइस मिल पर जुर्माना लगाया गया है। आरएफसी मनिकंडन ए ने 11 नवंबर को मंडल भर की राइस मिलों में स्टॉक की जांच कराई थी। इसमें दो मिल ऐसी मिलीं जहां गोदाम में भंडारित धान और रजिस्टर में दर्ज धान की मात्रा में अंतर था।
दोनों मामलों में आरएफसी ने कार्रवाई के आदेश दिए थे। क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि अनियमितता के मामले में मिलों पर जुर्माना लगाया गया है। परसाखेड़ा स्थित आरके इंडस्ट्री पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ ही 1.20 लाख रुपये मंडी शुल्क वसूला गया है। वहीं, पीलीभीत की गुरुनानक राइस मिल पर दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ में राइस मिलों में तैयार लेवी के चावल को एफसीआई के गोदाम तक तीन दिनों में पहुंचाने के आदेश अधिकारियों को दिए गए हैं। अमर उजाला ब्यूरो