बारिश और रेन कट के खतरे के बीच रेलवे ने 05307-08 बरेली-टनकपुर और 05451-52 कासगंज-टनकपुर पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। पिछले सप्ताह हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण बरेली सिटी-बरेली जंक्शन के बीच रेल पटरी पर चार फुट तक पानी भरने से 20 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई थीं। इसके बाद बरेली-बदायूं रेलखंड में मकरंदपुर स्टेशन के पास बारिश के कारण रेन कट हो गया। इस दौरान 55311 कासगंज-लालकुआं पैसेंजर ट्रेन हादसे का शिकार होने से बची। अन्य ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा था।
बारिश के अलर्ट के बीच बरेली सिटी-बरेली जंक्शन के बीच जलभराव की आशंका को देखते हुए अभी से पंपिंग सेट तैयार कर लिए गए हैं। रेल पटरियों की पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। बरेली-लालकुआं, बरेली-बदायूं, बरेली-टनकपुर रूट के छोटे-बड़ें पुलों पर ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है।
पिछले साल दो रूटों पर बह गई थीं रेल पटरियां
पिछले साल भारी बारिश के कारण बरेली-पीलीभीत और पीलीभीत-मैलानी रेल लाइनों पर मिट्टी धंस गई थी। मैलानी रेल लाइन पानी के प्रवाह के बीच बह गई थी। एक माह तक इन रेल खंडों में ट्रेनों का संचालन बंद रहा था। पिछले सप्ताह बारिश के कारण जिन स्थानों पर रेन कट हुआ था, वहां भराव का काम अब तक पूरा नहीं हो सका है।