बरेली। बरेली कॉलेज में नए सत्र के प्रवेश के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों की मदद के लिए विशेष प्रवेश हेल्प सेल बनाने का निर्णय लिया है। यह हेल्प सेल नए छात्र-छात्राओं को आवेदन भरने, दस्तावेज सत्यापन करवाने और कोर्स चुनने में मदद करेगा।
एडमिशन कोऑर्डिनेटर प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों की भीड़ और उनके सवालों को देखते हुए कॉलेज ऑफिस के बाहर एक अस्थायी काउंटर भी लगाया जाएगा। यहां प्रशिक्षित कर्मचारी सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक छात्रों को जानकारी देंगे। प्रो. ओपी राय ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाने के लिए एक टेक्निकल टीम भी लगाई जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए हेल्पलाइन नंबर और व्हाट्सएप सहायता भी शुरू की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि अगले सप्ताह से काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। काउंसलिंग की तिथि कॉलेज की वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी।