सिरौली (बरेली)। कल्याणपुर धमाके के दो और इनामी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। अब सभी नामजद आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक डेलापीर के एक आतिशबाजी व्यापारी ने इन्हें बारूद देकर पटाखे बनाने का ठेका दिया था। विवेचना में उसकी नामजदगी भी हो सकती है।
गांव कल्याणपुर में रहमान शाह के घर में दो अक्तूबर को हुए भीषण विस्फोट में पांच महिलाओं, दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। इनके घर समेत पड़ोसियों के पांच मकान जमींदोज हो गए थे। सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इनमें से पांच नामजद आरोपियों पर एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी पहले हो चुकी थी। पुलिस टीम अदनान व वाहिद की तलाश रही थी। तभी सूचना मिली कि दोनों गांव नामदारगंज में हैं। इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह ने टीम के साथ घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि इस मामले में सभी नामजद आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। विवेचना में किसी और आरोपी का नाम प्रकाश में आया तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद