बरेली कॉलेज में परीक्षा खत्म होने के बाद हंगामा कर रहे छात्रों को लाठियां फटकारकर खदेड़ा
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से 31 केंद्रों पर चल रही परीक्षा में मंगलवार को भी दो परीक्षा केंद्रों पर एक-एक नकलची पकड़ा गया। बरेली कॉलेज में नकलची पकड़े जाने के बाद तो स्थिति सामान्य रही लेकिन परीक्षा खत्म होने के बाद कई छात्र एकजुट होकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंचे प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने छात्रों को समझाया, जब नहीं माने तो लाठियां फटकारकर खदेड़ दिया।
महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में मंगलवार को फ्लाइंग स्क्वॉड में शामिल कोऑर्डिनेटर डॉ. ओपी उपाध्याय, डॉ. पवन सिंह, डॉ. रुचि द्विवेदी, डॉ. प्रमोद कुमार ने अमरोहा के महाविद्यालयों में निरीक्षण किया। इसमें नायाब अब्बासी डिग्री कॉलेज अमरोहा और जेएसएच महाविद्यालय का टीम ने औचक निरीक्षण किया। जेएसएच महाविद्यालय में एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के एक छात्र को नकल करते हुए पकड़कर उसे यूएफएम में बुक कर दिया गया। उधर, बरेली कॉलेज के कमरा नंबर सात में भी एक नकलची धरा गया। उसे भी यूएफएम में बुक कर दिया गया है। परीक्षा खत्म होने के बाद बरेली कॉलेज परीक्षा भवन के बाहर नकल करने वाले छात्र के पक्ष में दूसरे छात्र एकजुट होने लगे। उन्हें वहां से जाने को कहा गया तो वो हंगामा करने लगे। इसकी सूचना तत्काल प्रॉक्टोरियल बोर्ड को दी गई। मौके पर पहुंचे बोर्ड के सदस्यों ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। जब वो नहीं माने तो लाठियां फटकारकर खदेड़ दिया।
विश्वविद्यालय और कॉलेजों में होगी ऑनलाइन पढाई
बरेली। कोविड संक्रमण के बढ़ने की आशंका से शासन ने अब शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाई को ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा जिन विश्वविद्यालय और कॉलेजों में परीक्षा हो रही है, वहां पर परीक्षा के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा गया है। मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि शासन के आदेश के तहत संबद्ध कॉलेजों को निर्देशित कर दिया गया है।
अपर मुख्य सचिव मोनिका एस गर्ग की ओर से कुलपति और उच्च शिक्षा निदेशक को पत्र जारी कर कोविड प्रोटोकॉल के तहत शिक्षण कार्य को कहा गया है। जारी निर्देश के तहत अब परीक्षाओं और प्रैक्टिकल को छोड़कर सभी विषयों की पढ़ाई ऑनलाइन होगी। परीक्षा और प्रैक्टिकल के दौरान छात्रों को मास्क, सैनिटाइजर और दो गज की दूरी के नियम का पालन करना होगा। परीक्षा के दौरान परिसर को सैनिटाइज कराना होगा। लाइन लगने की स्थिति में छह फीट की दूरी का पालन हो। परिसर में तत्काल प्राथमिक उपचार की सुविधा हो, किसी संक्रमित विद्यार्थी की जानकारी पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाए। पथ विक्रेता परिसर में प्रवेश न कर सकें, इसकी सख्त निगरानी किए जाने को कहा है।