बरेली। बदलते मौसम में जरा सी बेपरवाही सेहत पर भारी पड़ रही है। रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेले में छह सौ से ज्यादा बुखार के मरीज पहुंचे। डेंगू, मलेरिया संदिग्ध रहे करीब दो सौ मरीजों की एंटीजन किट से जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही।
रविवार को जिले के 71 स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ। बुखार के छह सौ मरीज इलाज के लिए पहुंचे। नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह के मुताबिक बदलते मौसम के चलते बुखार के मरीजों की तादाद बढ़ी है। ज्यादातर को 102 डिग्री फॉरेनहाइट या इससे ज्यादा बुखार है। साथ ही, हल्की खांसी, जुकाम, शरीर में ऐंठन और जोड़ों में दर्द की शिकायत है। उन्हें दवाएं देकर संदिग्ध लक्षण पर जांच का सुझाव दिया।
फरीदपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग गौतम के मुताबिक बुखार के मरीजों को दस्त और उल्टी की भी शिकायत है। स्वास्थ्य केंद्रों पर इलाज के लिए पहुंचे आंखों के 210 मरीजों में से नौ को मोतियाबिंद समेत अन्य सर्जरी के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए तीन मरीज रेफर किए गए। रविवार को मलेरिया के 14 नए मरीज मिलने के बाद तादाद करीब 28 सौ जा पहुंची है। डेंगू के 43 मरीज हैं।