भमोरा। गांव सरदार नगर निवासी ठग महिला ने दो समूह बनवाकर 20 महिलाओं से 27 लाख रुपये ठग लिए। उसके बाद मंगलवार की देर रात घर से सामान समेटकर पति सहित रफूचक्कर हो गई। बुधवार को कई माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के एजेंट जब पीड़ित महिलाओं के घर किस्त लेने पहुंचे तो ठगी का मामला सामने आया। भमोरा थाने में बुधवार को 18 से अधिक महिलाओं ने पहुंचकर शिकायतीपत्र सौंपा है।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव सरदार नगर निवासी भोली पत्नी राम सिंह, विमला पत्नी विजय, ममता पत्नी ओंकार, गीता पत्नी धर्मवीर, पूनम पत्नी राम बहादुर के साथ 18 से अधिक महिलाएं थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर देकर अवगत कराया कि गांव निवासी एक महिला ने उन्हें कई माइक्रोफाइनेंस कंपनियों से समूह के नाम पर ऋण उपलब्ध कराया था।
ऋण की राशि खाते में आते ही यह कहकर निकलवा लेती थी कि उनकी बेटी के नाम हजार रुपये हर महीने खाते में जमा होंगे। किसी से सिलाई मशीन, किसी से प्रेस सहित कई उपकरण देने का वादा कर ग्रामीण महिलाओं से उनके खाते में आए पैसे ले लेती थी। इस तरह उसने छह से सात महीने माइक्रोफाइनेंस कंपनी से ली गई धनराशि की किस्तें चुकाईं। अब जब सात महीने बाद उन कंपनियों के कर्मचारी गांव में उक्त आरोपी महिला के घर आए तो पता चला कि महिला व उसका पति घर का सारा सामान लेकर रफूचक्कर हो गए। इसके बाद वे कर्मचारी महिलाओं के घर पहुंचे, तब महिलाओं को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ।
माइक्रोफाइनेंस कंपनियां रुपये जमा करने का बना रही दबाव
महिलाओं ने बताया कि वे मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रही है। अब माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के कर्मचारी बकाया पैसा जमा करने का दबाव उन पर बना रहे हैं, जो हमने पैसे पहले ही उक्त आरोपी महिला को दे चुके हैं। ठग महिला का फोन भी स्विच ऑफ है। ऐसे में पीड़ित महिलाओं ने पुलिस से न्याय दिलाने की मांग की है। महिलाओं ने बताया कि आरोपी महिला ने इस तरह बढ़रई, चौंदवा, कैमुआ गांव में भी कई समूह बनवाकर उनके नाम से ऋण निकाले हैं। इसलिए अभी ऐसे मामले और भी सामने आ सकते हैं। संवाद
जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी : एसओ
एसओ भमोरा सनी चौधरी ने बताया कि मामले में जानकारी कर रहा हूं। पता कर कार्रवाई की जाएगी।