बरेली। बरेली कॉलेज के भाभा हर्बल पार्क के पास मुख्य बिजली लाइन के दो खंभे गिर गए। इससे कॉलेज में बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
भौतिक विज्ञान विभाग के सामने सुबह 11.30 बजे बने भाभा हर्बल पार्क में शुक्रवार को एक सूखा पेड़ काटा जा रहा था। इसके कटने से पेड़ की डाल बिजली की मुख्य लाइन के तार पर गिरी। इससे जुड़े दो खंभे कमजोर होने के कारण टूट कर गिर गए। एक छात्र एक खंभे के समीप ही खड़ा था।
वह बाल-बाल बचा। दो शिक्षकों की कार भी गिरते खंभों के पास रहीं, जिससे बड़ा हादसा होने से बचा। कॉलेज की बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। बिजली कर्मचारियों ने अस्थायी रूप से बिजली व्यवस्था ठीक की। हालांकि कुछ भवनों जैसे नए परीक्षा भवन से लेकर दर्शनशास्त्र विभाग तक बिजली काट दी। प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि इस समस्या के बारे में बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित में दे दिया है।
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा को देखते हुए सभी बंदोबस्त दुरुस्त करा लिए जाएंगे। इस परिसर में लगे तीन खंभे बहुत पुराने हो गए हैं हालांकि बिजली लाइन पूरी नई है, इसलिए तीन नए खंभे लगाए जाएंगे। संवाद