बरेली। दो अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय किशोर घायल हो गया।
नवादा शेखान निवासी वीरेंद्र ने बताया कि उनकी सास रामबेटी (45) और साला वंश (14) ई-रिक्शा संख्या से लाल फाटक से दवा लेकर घर लौट रहे थे। दोपहर दो बजे सेंट मारिया स्कूल के पास आगे चल रहे बड़े वाहन के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे वाहन से जा टकराया। हादसे में रामबेटी और वंश गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने रामबेटी को मृत घोषित कर दिया। वंश का उपचार चल रहा है।
दूसरा हादसा भोजीपुरा थाना क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर हुआ। बिजनौर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर पठानी निवासी अर्जुन ने बताया कि शुक्रवार को परिवार के लोग भोजीपुरा के गांव सैदपुर चुन्नी में रहने वाली उनकी बहन पूजा के घर आए थे। पूजा के बेटे की तबीयत खराब होने के कारण उसे देखने आए थे। इसके बाद परिवार घर लौट रहा था। भोजीपुरा में राकेश पैदल ही हाईवे पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए। हादसे में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। भोजीपुरा थाना पुलिस ने उनके शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार को सौंप दिया।