बरेली। एसपी सिटी रविंद्र कुमार के आकस्मिक निरीक्षण में गायब मिले मढ़ीनाथ चौकी इंचार्ज वीरपाल सिंह और कांकरटोला चौकी इंचार्ज संतोष कुमार सिंह को एसएसपी ने बुधवार को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही बुधवार को एसपी सिटी ने पुलिस लाइन में शहर के सभी चौकी इंचार्जों की बैठक लेकर उन्हें चेताया कि चौकियों की 24 घंटे निगरानी होनी चाहिए। होमगार्ड या पीआरडी जवान के सहारे चौकी न छोड़ी जाए। चीता मोबाइल अपने क्षेत्र में गश्त करें, चौकी पर न खड़े रहे। जनता से विन्रमता से पेश आएं।
उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौकी पर क्षेत्र के व्यापारियों की बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी जाएं। मिशन शक्ति के अंतर्गत महिला बीट को क्रियान्वित कर सरकार द्वारा महिलाओं के हित में जारी योजनाओं की जानकारी महिला बीट अधिकारी के जरिये महिलाओं तक पहुचाएं। महिला सुरक्षा के लिए गठित विशेष दल की नियमित ड्यूटी शिक्षण संस्थानों, पार्कों, भीड़ वाले स्थानों पर लगाएं। इस दौरान बॉडी वार्न कैमरे का उपयोग किया जाए। शाम के समय जगह बदल-बदल कर चौकी क्षेत्र में पैदल गश्त करें। इस दौरान लोगों से बातचीत भी करें।
एसपी सिटी ने यह भी कहा कि अवैध बस स्टैंड, रिक्शा और ऑटो स्टैंड किसी भी दशा में चौकी क्षेत्र में नहीं लगने चाहिए। अगर इसकी शिकायत मिली तो अवैध वसूली करने वालों के साथ ही संबंधित चौकी इंचार्ज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी चौकी इंचार्जों को मुखबिर तंत्र विकसित करने को कहा। पुलिस जन सामान्य के बीच ऐसी छवि पेश करे जिससे कोई भी व्यक्ति पुलिस के पास आकर अपनी बात बेझिझक कह सके।