कोतवाली पुलिस की गिरफ्त में जेब काटने के आरोपी
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। चौक कोतवाली पुलिस और एसओजी ने 28 मार्च को कांट के किसान की जेब काटकर एक लाख रुपये पार करने के मामले का खुलासा किया है। 72 घंटे के अंदर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 71 हजार, 500 रुपये बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपी फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं।
कांट के अभायन मोहल्ला निवासी ब्रजपाल 28 मार्च को बाइक खरीदने के लिए शहर आए थे। गर्रा पुल और कटरा के बीच ई-रिक्शे में उनकी जेब काटकर एक लाख रुपये उड़ा दिए थे। चौक कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की। एसओजी प्रभारी रोहित सिंह व कोतवाली के बृजेश सिंह ने संयुक्त रूप से गिरोह की तलाश की। मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात साढ़े नौ बजे बरेली मोड़ के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ में विभिन्न स्थानों पर जेब काटकर चोरी की वारदात को कुबूल किया, साथ ही 71,500 रुपये भी बरामद किए।
एसपी एस. आनंद ने बताया कि पुलिस ने कुलदीप उर्फ भोला व आकाश उर्फ मानी निवासी ग्राम महरुमपुर थाना कमालगंज जिला फर्रुखाबाद को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका संगठित गैंग दस साल से जेब काटने की वारदातें कर रहा है। भीड़ वाले स्थानों पर जेब काटकर बाइक से भाग जाते थे। जेब की मोटाई देख रुपयों का अंदाजा लगा लेते थे। सवारी बनकर वाहनों में बैठ जाते थे और मौका लगते ही हाथ साफ कर साथ चल रही बाइकों पर बैठकर भाग जाते थे।
तीन घटनाओं का किया खुलासा
पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर तीन घटनाओं का खुलासा कर दिया। कोतवाली से उड़ाए एक लाख रुपये में 20 हजार, जलालाबाद की घटना के 46,500 और सदर बाजार की घटना से पांच हजार रुपये बरामद किए हैं।