मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर में 18 अक्तूबर की रात रामभरोसे की पीट-पीटकर हत्या के मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक लोहे की पट्टी और डंडा बरामद किया है। थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि मंगलवार रात अपने अधीनस्थों के साथ गश्त पर थे। तभी इस मामले से संबंधित दो आरोपी ग्राम हुरहुरी से कुतुबपुर करौरा जाने वाले रास्ते पर बंद पड़े भट्ठे की कोठरी के पास मिले। पुलिस ने मीरगंज के ग्राम कुतुबपुर के रामेश्वर (45) और आनंद प्रकाश (29) को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पटिया और डंडा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों ने पूछताछ में हत्या की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। बता दें कि 18 अक्तूबर को रामभरोसे जब अपने घर पहुंचे तब आरोपियों ने घेरकर उन्हें बेरहमी से पीटा था। उसके बाद रामभरोसे की मौत हो गई। थानाध्यक्ष प्रयागराज ने बताया कि अभी दो और नामजद अभियुक्तों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। संवाद