फरीदपुर। पुलिस ने ई-रिक्शा पार्ट्स चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिरों को रविवार को गिरफ्तार कर उनके पास से काफी सामान बरामद किया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को अदालत में पेश किया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी दीपंकर मिश्रा ने फरीदपुर थाने में फैक्टरी के ही गार्ड और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उन्होंने कहा की उनकी फैक्टरी से पांच ई-रिक्शा टायर, 5 कंट्रोलर, 5 मोटर, 17 पीस बाल बेयरिंग सेट स्टील साइड पिलर और दो बैटरी चोरी हो गए। पुलिस ने ग्राम पदारथपुर के रास्ते से भुता थाना क्षेत्र के अठायन गांव निवासी राजपाल व कस्बे के मोहल्ला मिर्धान निवासी तालिब को गिरफ्तार किया।
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने दो अक्तूबर की शाम को फैक्टरी दिव्या एंटरप्राइजेज से ई-रिक्शा का सामान चोरी करने की बात स्वीकारी। आरोपियों ने बताया कि वे बचा हुआ सामान बेचने की फिराक में खड़े थे, तभी पकड़ लिए गए। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया है। संवाद