भुता। इंटेलिजेंस व एसओजी की सूचना पर भुता पुलिस ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र, आधार व आयुष्मान कार्ड बनाने के दो आरोपियों को पकड़ा है। इनमें से एक बाल अपचारी है। उनके पास से लैपटॉप, स्कैनर, मोबाइल फोन के साथ ही आधे-अधूरे कार्ड व जन्म प्रमाणपत्र बरामद किए गए हैं। एक आरोपी को जेल भेजने के साथ ही बाल अपचारी को किशोर सुधार गृह भेजा गया है।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति ने इंटेलिजेंस व एसओजी को सूचना दी थी। इसके आधार पर लाड़पुर मुड़िया रोड पर ट्यूबवेल के पास से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने फर्जी प्रमाणपत्र बनाने की बात कुबूल की।
एक आरोपी ने अपना नाम फरीदपुर के मोहल्ला ऊंचा निवासी शाहिद बताया। कहा कि पहले वह एक लोकवाणी केंद्र पर काम करता था। काम को लेकर शिकायतों के चलते उसे हटा दिया गया।
फोन पर ही पश्चिम बंगाल के कोलकाता निवासी शमीम अख्तर से संपर्क हुआ। उसी ने एक आईडी दी। इसी के जरिये वह फर्जी आधार, आयुष्मान कार्ड व जन्म प्रमाणपत्र जारी किया करता। अमरोहा के गजरौला का रहने वाला नवीन भी सहयोग करता। वहीं, बाल अपचारी ने बताया कि रुपयों के लालच में वह शाहिद के साथ काम करता था।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि शाहिद के साथ ही अन्य तीनों को भी मुकदमे में नामजद किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद वहां से शाहिद को जेल और बाल अपचारी को सुधार गृह भेजा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।