बरेली। इलाके में तबाही मचा दो... जैसा भड़काऊ आह्वान कर सोशल मीडिया पर रील डालने के मामले में दो आरोपियों साहिब व अरमान के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वायरल वीडियो में भीड़ दिखाते हुए सरकार और पुलिस को सबक सिखाने की बात कही गई है।
उपनिरीक्षक अक्षय त्यागी की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि एक वीडियो इंस्टाग्राम आईडी साहिब-0008 से प्रसारित हो रहा है। इसमें पीछे भीड़ दिखाई दे रही है। कहा जा रहा है कि तबाही मचा दो, चारों तरफ ताकि सरकार व पुलिस को सबक मिल जाए। जांच में पता चला कि यह इंस्टाग्राम आईडी बानखाना निवासी साहिब की है।
एक अन्य वीडियो इंस्टाग्राम आईडी नूर पठान-0786 से वायरल हुआ। इस वीडियो में भी भीड़ दिख रही है और कहा गया है कि अभी 15 मिनट बाकी हैं। वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान बानखाना निवासी अरमान मियां के रूप में हुई है। अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि दोनों की हरकतों से आसपास के लोगों में रोष और भय व्याप्त है। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है।