बरेली। डॉक्टर के यहां घरेलू काम करने वाली बदायूं की युवती ने ब्लैकमेलिंग से तंग होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के पिता की ओर से बारादरी थाने में आरोपी युवक पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बदायूं जिले के दातागंज इलाके के निवासी ग्रामीण ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि उनकी बेटी बरेली शहर में एक चिकित्सक के यहां रहकर घरेलू काम करती थी। दातागंज के ही गांव पड़उवा का रहने वाला रूपेश जाटव उसको शादी का झांसा देकर फुसलाता था।
उन्होंने रूपेश के सामने बेटी से विवाह का प्रस्ताव रखा तो उसने इन्कार कर दिया। इसके बावजूद रूपेश बेटी के संपर्क में रहकर उसे बहकाता रहता था। इस बीच रूपेश के एक अन्य महिला से संबंध हो गए।
ग्रामीण ने आरोप लगाया कि रूपेश ऑडियो और वीडियो के जरिये उसकी बेटी को ब्लैकमेल करने लगा। तनाव में आकर बेटी ने 21 जनवरी को कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो डॉक्टर की पुत्रवधू ने जाकर देखा।
वहां उसका शव फंदे पर लटका देख उन्होंने पुलिस बुला ली। बारादरी थाने में रूपेश जाटव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो