वाहनों को गुजारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने लागू किया डायवर्जन
बरेली। सेतु निगम के प्रस्ताव पर मंडलायुक्त से सहमति मिलने के बाद सोमवार से 75 दिन के लिए चौपुला चौराहा बंद कर दिया जाएगा। चौराहा बंद करने से पहले रविवार को ट्रैफिक पुलिस ट्रायल करके देखेगी कि कोई बड़ी मुसीबत खड़ी न हो जाए। चौपुला चौराहा बंद करने के बाद ट्रैफिक निकलता रहे.. इसके लिए यातायात पुलिस ने आठ बिंदुओं पर डायवर्जन की व्यवस्था लागू कर दी है।
चौपुला पर इन दिनों ओवरब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके अंतर्गत पुरानी पुलिस लाइन गेट से चौपुला चौराहे तक स्लैब डालने का काम होना होना है। इसके चलते रूट डायवर्जन किया गया है। एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेई ने बताया कि रविवार को डायवर्जन का ट्रायल किया जाएगा। सोमवार से डायवर्जन को पूरी तरह से लागू किया जाएगा। कुछ दिन लोगों को दिक्कत होगी, जिसे दूर करने का यातायात पुलिस पूरा प्रयास करेगी। निर्माण पूरा होने के बाद चौपुला पर जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
ये होगी वैकल्पिक व्यवस्था
- - सीबीगंज रोड से चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, कचहरी की ओर आने वाला यातायात मिनी बाईपास से इज्जतनगर तिराहा, अंडरपास, डेलापीर अथवा इज्जतनगर तिराहा, कुदेशिया ओवरब्रिज, एमबी इंटर कालेज, सूद धर्मकांटा, मूर्ति नर्सिंग होम, ईट पजाया, श्यामगंज ओवरब्रिज, गांधी उद्यान से गंतव्य को जा सकेगा।
- - दो पहिया वाहन सिटी सब्जी मंडी, बिहारीपुर ढाल से जा सकेंगे।
- - चौकी चौराहे से सिटी सब्जी मंडी की ओर जाने वाले हल्के वाहन जैसे कार, ऑटो, दोपहिया वाहन जंक्शन तिराहा से थाना सुभाषनगर गेट से रेलवे कालोनी होकर पूर्व की तरह सिटी स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
- - रामगंगा तिराहे से रामपुर रोड, नैनीताल रोड को जाने वाले हल्के वाहन चौपुला पुल से सिटी सब्जी मंडी होकर जा सकेंगे।
- - बदायूं रोड से आने वाले दो पहिया वाहन सुभाषनगर चुंगी से वाजपेयी ढाल से कार्टन होटल तिराहा से कचहरी और सिविल लाइन की ओर जा सकेंगे।
- - बदायूं रोड, आंवला, विशारतगंज, भमोरा और बदायूं की ओर से आने वाला जो यातायात चौपुला चौराहा, चौकी चौराहा, पटेल चौक, सिविल लाइन की ओर जाएगा वह लालफाटक से ही शहर में आएगा।
- - रामपुर रोड से आने वाले सवारी वाहन जैसे ऑटो और टेंपो सब्जी मंडी तक आ सकेंगे।
- - बदायूं रोड से आने वाले ऑटो गन्ना मिल नेकपुर तक आ सकेंगे।
खुदाई से आफतः कालीबाड़ी में रास्ता बंद, बाजार में लग रहा जाम
बरेली। कालीबाड़ी में सीवर ट्रंक लाइन की खुदाई लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। पुरानी सीवर लाइन से दूसरी सीवर लाइन को जोड़ने के लिए जल निगम एक चैंबर तैयार कर रहा है। दोनों सीवर लाइनों के जुड़ने के बाद ही यहां काम बंद होगा। खुदाई से निकले मिट्टे के ढेर के कारण बड़े वाहनों के लिए यहां रास्ता बंद हो चुका है मगर बाइक वाले किसी तरह मिट्टी के बीच से रास्ता बनाने में कामयाब हो जा रहे हैं। गलियों से अंदर आते हुए लोग श्यामगंज की ओर आ रहे हैं। इससे श्यामगंज बाजार में भी जाम लग रहा है।
सोमवार से चौपुला बंद हो जाएगा, जबकि कालीबाड़ी पहले से ही बंद है। इससे शहर में जाम के हालात और बिगड़ जाएंगे। अभी कालीबाड़ी से श्यामगंज और नगर निगम की ओर आवागमन बंद होने से हालात और बिगड़ रहे हैं। इसका सबसे अधिक असर बाजार में दिखई पड़ रहा है। लोग छोटी-छोटी गलियों से होते हुए बाजार और फिर श्यामगंज आ रहे हैं। इससे मिर्च वाली गली में रोजाना जाम लग रहा है। राहगीर और दुकानदार दोनों को ही दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। जल निगम एक्सईएन संजय कुमार ने बताया कि चैंबर तैयार किया जा रहा है। कुछ ही दिनों में चैंबर तैयार हो जाएगा। उसके बाद रास्ता खोल दिया जाएगा।