बरेली/भोजीपुरा। ज्वाइंट एंट्रेस एग्जाम (जेईई मेन)-2026 के द्वितीय सत्र के तहत परीक्षा का आयोजन रविवार को दोनों पालियों में किया गया। प्रथम पाली में पंजीकृत 502 व द्वितीय पाली में 465 में करीब 85 प्रतिशत ही परीक्षा देने के लिए केंद्र तक पहुंचे।
परीक्षा देकर केंद्र से बाहर आए अधिकांश अभ्यर्थियों के चेहरे मायूस दिखे। परीक्षार्थियों ने बताया कि परीक्षा का स्तर कठिन रहा। कल तक मात्र गणित के प्रश्नों ही कठिन आए थे। रविवार को हुई परीक्षा में रसायन शास्त्र व भौतिक विज्ञान के प्रश्न भी मुश्किल रहे।
कई विद्यार्थी अच्छी तैयारी के साथ भी आए थे। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र कठिन जरूर था, मगर अच्छा हुआ है। उम्मीद है कि बेहतर अंक भी मिलेंगे।
बोले छात्र-
सभी विषयों के प्रश्न मुश्किल थे, इसलिए सीमित प्रश्न ही हल किए। - विदुषी मौर्य, पुराना शहर
मेरी तैयारी भौतिक विज्ञान में कम थी, इसलिए इसके सवाल मेरे लिए मुश्किल रहे। - यशराज, कैंट
गणित के सवाल सबसे ज्यादा कठिन थे। अन्य विषयों के सवाल भी औसत से मुश्किल रहे। - अध्ययन जयसवाल, इज्जतनगर
मैं करीब एक साल से तैयारी कर रहा हूं। प्रश्नपत्र में पूछे गए सवालों का स्तर औसत से मुश्किल रहा। - अंकुर राज, बीसलपुर