बरेली। आटो, टेंपो, ई-रिक्शा और ठेला चौराहे से 50 मीटर दूर खड़े किए जाएंगे। यह निर्देश शनिवार को बैठक के दौरान एसपी ट्रैफिक ने यातायात पुलिस कर्मियों, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को दिए। निर्देश का पालन न करने वालों के चालान किए जाएंगे।
एसपी ट्रैफिक सुभाषचंद्र गंगवार ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में कर्मचारियों के साथ बैठक की। इसमें यातायात पुलिस कर्मी, होमगार्ड और पीआरडी के जवान मौजूद रहे। एसपी ट्रैफिक ने निर्देश दिया कि ठेला सड़क पर खड़े न हों। आटो, टेंपो और ई-रिक्शा चौराहे व तिराहे से 50 मीटर दूर खड़े होने दें। अगर कोई वाहन चालक नहीं मानता है तो उसका फोटो खींचने लें या नंबर नोट कर लें, जिससे बाद में चालान किए जा सके। होमगार्ड व पीआरडी के जवानों ने भी अपना दर्द बयां किया। उनका कहना था कि उनकी बात अधिकांश वाहन चालक नहीं सुनते हैं। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि आदेश का पालन हर हाल में होना चालिए। यातायात पुलिस कर्मी होमगार्ड और पीआरडी जवानों का सहयोग करें। आम आदमी भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में मदद करे।