हाफिजगंज (बरेली)। पनघैली नदी से भोर में माफिया बेखौफ होकर अवैध खनन कर रहे हैं। जिन रास्तों का माफिया इस्तेमाल कर रहे हैं वहां कई किसानों के खेत हैं। विरोध करने पर वे धमकी देते हैं। शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। उसकी कार्रवाई केवल प्लान बनाने तक सीमित है।
पनघैली नदी से अवैध खनन कर माफिया गांव सभापुर के रास्ते जा रहे हैं। गाड़ियाें के जाने का रास्ता खेतों को बना लिया है। इससे उनकी फसलें बर्बाद हो रही हैं। बीजामउ के किसान राजेश ने बताया कि उनका खेत सभापुर गांव में नदी किनारे है जहां खेत में जुताई करने के बाद तिल की खेती की है। गुरुवार को माफिया रेता का खनन करके उनके खेत से होकर गुजर रहे थे। उन्होंने रोका तो उनके ऊपर फावड़े से हमला कर दिया। किसी तरह भागकर जान बचाई। इसके अलावा गांव डंडुआ के किसान मोहित ने बताया कि माफिया उनके खेत की फसल को खराब कर गाड़ियां ले जा रहे हैं, उन्होंने रोका तो मारपीट की।
बारिश हुई तो डनलप से खनन
शुक्रवार को बारिश हुई तो माफिया ट्रैक्टर की जगह डनलप लेकर खनन के लिए पहुंचे। विरोध किया गया तो वह धमकाने लगे। पुलिस को सूचना भी दी लेकिन उसके पहले माफिया फरार हो चुके थे।
खनन माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है। इलाके में कहीं भी खनन नहीं होने दिया जाएगा।
- एसओ सौरभ सिंह, हाफिजगंज