कासगंज बरेली रूट पर यात्री ट्रेन का संचालन भले ही सीआरएस निरीक्षण के फेर में फंसा हो पर मालगाड़ियां दौड़ने लगेंगी। बुधवार रात पहली मालगाड़ी चनेहटी स्टेशन होती हुई रोजा थर्मल पावर को निकल गई।
नागपुर से कोयला लेकर आई यह मालगाड़ी करीब तीन बजे कासगंज जंक्शन से बदायूं होती हुई बरेली दिशा में रवाना हुई। इंजन संख्या 12405 की मदद से नये ट्रैक पर धड़धड़ाती मालगाड़ी रामगंगा से चनेहटी की ओर मुड़ गई। चनेहटी स्टेशन पर यह छह बजकर पांच मिनट पर पहुंची। यहां करीब दो घंटा ठहरकर रात आठ बजकर बीस मिनट पर मालगाड़ी रोजा रवाना हो गई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन ने पूरा सफर करीब साढ़े चार घंटे में तय किया। मालगाड़ी में कोयला भरा था। अब यह अक्सर इस रास्ते से रोजा थर्मल पावर स्टेशन आएगी। पीआरओ एनईआर राजेंद्र सिंह ने बताया कि कुछ और मालगाड़ियां इस ट्रैक पर संचालित हो सकती हैं, जिससे व्यापारियों को लाभ होगा। ट्रैक पूरी तरह तैयार है। सीआरएस के निरीक्षण की तारीख का इंतजार किया जा रहा है। उनके निरीक्षण के बाद ही यात्री ट्रेनों को ट्रैक पर उतारा जा सकेगा।