जंक्शन पर राज्यरानी और सिटी स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक खड़ी रही
बरेली। लखनऊ की ओर जा रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे रोजा और शाहजहांपुर स्टेशन के बीच बेपटरी हो गए, जिससे डाउन लाइन (मुरादाबाद से लखनऊ) तक रेल यातायात बाधित हो गया। जंक्शन पर राज्यरानी और सिटी स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक खड़ी रही। मुरादाबाद से आने वाली ट्रेनें भी छोटे-छोटे स्टेशनों पर रुकी रहीं।
गुड़गांव से रांची जा रही मारुति कार स्पेशल मालगाड़ी के तीन वैगन सुबह 10:15 बजे शाहजहांपुर और रोजा स्टेशन के बीच अटसलिया फाटक पर पटरी से उतर गए। शाहजहांपुर के स्टेशन मास्टर ने तुरंत ही डिरेलमेंट की सूचना रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को दी, जिसके बाद मुरादाबाद से लखनऊ की ओर जा रहीं ट्रेनें रोक दी गईं। इस दौरान टनकपुर से सिंगरौली जा रही त्रिवेणी एक्सप्रेस सिटी स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। सिटी स्टेशन से चली तो बीच में ही रोक दी गई। ट्रेन एक बजे के करीब जंक्शन पहुंची, वहां भी आधा घंटे खड़ी रही। मेरठ सिटी से लखनऊ जाने वाली राज्यरानी एक्सप्रेस भी आधा घंटा जंक्शन पर खड़ी रही। दोनों ट्रेनों के यात्रियों को समय गुजारना मुश्किल हो गया। सबसे ज्यादा दिक्कत त्रिवेणी एक्सप्रेस के यात्रियों को हुई। ट्रेन को सिटी स्टेशन से चलने के बाद रोक दिया गया, जहां यात्रियों को पानी आदि मिलना तक मुश्किल हो गया। इसके अलावा मुरादाबाद से आने वाली जम्मूतवी कोलकाता सियालदह एक्सप्रेस दो, नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस तीन, नई दिल्ली राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस एक, जम्मूतवी हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। इस दौरान ट्रेनें पीतांबरपुर, टिसुआ, बिलपुर आदि स्टेशनों पर रोककर गुजारी गईं। देर शाम तक ट्रैक क्लीयर होने के बाद ट्रेनों का संचालन सुचारु हो सका।
डायवर्ट किया गया सड़क यातायात
बरेली। डिलेरमेंट के कारण सड़क यातायात भी प्रभावित हो गया। इस दौरान सड़क यातायात को सीतापुर लिंक मार्ग को जोड़ने वाले रास्ते से डायवर्ट किया गया। देर शाम तक यातायात बहाल करने की कोशिशें जारी थीं।