जंक्शन पर सुंदरता यानी सबकुछ भगवा दिखेगा
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। आखिरकार रेलवे पर भी भगवा रंग चढ़ गया है। जंक्शन पर अब डॉरमेंट्री, वेटिंग रूम और पार्सल ऑफिस भी अब भगवा रंग में रंगा नजर आएगा। तीनों जगह पुराने टाइल्स तोड़कर भगवा रंग के नए टाइल्स लगाए जा रहे हैं। जंक्शन पर सौंदर्यीकरण के ये काम करीब एक करोड़ की लागत से कराए जा रहे हैं।
जंक्शन पर सौंदर्यीकरण का काम 28 नवंबर तक पूरा होना है, 29 नवंबर को उत्तर रेलवे के जीएम टीपी सिंह पहली बार जंक्शन का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं लिहाजा ये काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। बरेली जंक्शन से पहले वह मुरादाबाद का भी निरीक्षण करेंगे। इसी कारण चार दिन पहले डीआरएम तरुण प्रकाश ने जंक्शन के चप्पे-चप्पे का निरीक्षण कर मातहतों को सभी खामियों को खत्म करने के निर्देश दिए थे। रेलवे अफसरों का पूरा अमला इसके बाद जंक्शन के कोने-कोने में कमियां ढूंढने में जुटा हुआ है।
सौंदर्यीकरण के इस काम का सबसे खास पहलू यह है कि पार्सल ऑफिस, डॉरमेट्री और वेटिंग रूम में अच्छी-खासी पुरानी टाइल्स को तोड़कर उनकी जगह भगवा टाइल्स लगाई जा रही हैं। इसके साथ प्लेटफार्म एक पर जगह-जगह स्क्रीन भी लगाई गई हैं, जिन पर जहरखुरान गिरोह और संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने के विज्ञापन दिखाकर यात्रियों को अलर्ट किया जा रहा है।
नरमू के पंकज सक्सेना और राजेश दुबे की ओर से मनोरंजन सदन के जीर्णोंद्धार का मामला उठाने के बाद मनोरंजन सदन को भी नया लुक दिया जा रहा है। पुराना प्लास्टर तोड़कर नया प्लास्टर किया रहा है। दीवार तोड़कर निकाली गईं पुरानी ईंटों को फिर प्रयोग में लाया जा रहा है। जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह का कहना है कि जो निर्माण खराब है, केवल उसी को दुरुस्त कराया जा रहा है।