मोबाइल पर बात करते हुए रेलवे फाटक पार करना बरेली के व्यापारी को भारी पड़ गया। मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। जीआरपी ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला बिहारीपुर कसगरान निवासी रविंद्र सिंह गांधी साइकिल के सामान के थोक विक्रेता थे। वह फरीदपुर में सामान की सप्लाई करते थे और सप्ताह में एक दिन कारोबार के सिलसिले में फरीदपुर आते थे। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह फरीदपुर में एक दुकानदार के पास जा रहे थे। उस वक्त रेलवे क्रासिंग बंद होने पर रविंद्र ने अपनी कार फाटक से पहले खड़ी कर दी। इसके बाद वह पैदल रेलवे फाटक पार करने लगे। तभी उधर से गुजरी मालगाड़ी को वह नहीं देख सके। उसकी चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फाटक पार करते समय रविंद्र मोबाइल पर बात कर रहे थे। मालगाड़ी आने पर उन्हें आवाज भी दी गई मगर उन्होंने सुना नहीं। हादसे की सूचना मिलने पर जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसकी खबर घर पहुंचने से कोहराम मच गया। हादसे की खबर पर सुरेन्द्र कुमार जानी, शकील अहमद आदि व्यापारी उनके घर पहुंच गए।