जाम से जूझे यह प्रमुख इलाके
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, मिनी बाइपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, सौ फुटा पूर्वी पीलीभीत रोड, सुरेश शर्मा नगर होते हुए सेटेलाइट बस अड्डा की ओर डायवर्ट किए जाने के कारण शहर के इन व्यवस्थ इलाकों की सड़कों पर भारी वाहनों का दबाव बन गया। यहां दिन भर जाम लगा रहा। अमूमन इन इलाकों में जाम नहीं लगता है। इसके अलावा वियावान कोठी, गांधी, उद्यान, चौकी चौराहा, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा पर भी भीषण जाम लगा।
लोगों ने चुने वैकल्पिक रास्ते, सड़कों पर बढ़ गया दबाव
सिटी स्टेशन से दूल्हे मियां की मजार तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किए जाने के बाद पहले दिन तमाम चार पहिया वाहनों के चालकों ने शहर के वैकल्पिक रास्तों को चुना। इससे कुछ इलाकों की गलियों में भी जाम की स्थिति बन गई। ईंट पजाया से स्टेडियम तक भीषण जाम रहा। सिटी स्टेशन, किला पुल, चौपुला चौराहा, पटेल चौक, पुरानी पुलिस लाइन, नैनीताल रोड, पीलीभीत बाइपास समेत अन्य इलाकों में भी यातायात सामान्य कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस के पसीने छूटे।
एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि मंगलवार को डायवर्जन का पहला दिन था। डायवर्जन की सूचना जारी की गई थी। तमाम लोगों को इस बारे में जानकारी न होने के कारण पहले दिन कुछ इलाकों में समस्या रही। मंगलवार को जिन इलाकों में जाम लगा बुधवार को वहां अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।
रामपुर रोड पर तीन माह के लिए डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों और रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय करते हुए सोमवार को डायवर्जन प्लान जारी कर दिया था। लोक निर्माण विभाग मंगलवार से मार्ग पर काम शुरू करा देगा। इसके साथ ही सुबह आठ बजे से डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक अकमल खान ने बताया कि इस दौरान सिटी स्टेशन से दूल्हे मियां की मजार तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
इस तरह होगा भारी वाहनों का आवागमन
- दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन झुमका तिराहे से बड़ा बाइपास होते हुए बिलवा, विलयधाम, रजऊ तिराहे के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर तक जा सकेंगे। लखनऊ जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। बदायूं जाने वाले वाहन फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, दातागंज और देवचरा होते हुए पास किए जाएंगे।
- बदायूं की ओर से बरेली आने वाले भारी वाहन देवचरा, दातागंज और फतेहगंज पूर्वी होते हुए बड़ा बाइपास से शहर में प्रवेश करेंगे। दिल्ली और लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन भी इसी मार्ग से पास किए जाएंगे।
- नैनीताल व पीलीभीत की ओर से बरेली आने वाले वाहन बड़ा बाइपास से बिलवा, विलयधाम, रजऊ तिराहा होकर ट्रांसपोर्ट नगर तक जा सकेंगे। बदायूं जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से फतेहगंज पूर्वी, देवचरा, दातागंज होते हुए पास किए जाएंगे।
- दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर से बरेली आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहा, मिनी बाइपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर तिराहा, सौ फुटा पूर्वी पीलीभीत रोड, सुरेश शर्मा नगर होते हुए सेटेलाइट बस अड्डे तक जा सकेंगी। बदायूं जाने वाली बसें सेटेलाइट बस अड्डे से बियावानी कोठी, बुखारा मोड़, रामगंगा तिराहा होते हुए जा सकेंगी।
- चौपुला चौराहा व चौपुला पुल से सिटी स्टेशन की ओर जाने वाले रास्ते पर सभी तरह के भारी वाहन (रोडवेज बसें, सिटी बसें और ट्रैक्टर-ट्रॉलियां) प्रतिबंधित रहेंगे। इसी तरह मिनी बाइपास से दूल्हे मियां की मजार और चौपुला की ओर भी भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।