बरेली। रिटेल कारोबारियों को उम्मीद थी कि लॉकडाउन-4 में उन्हें इतनी रियायत जरूर मिल जाएगी कि बड़े उद्योगों की तरह उनके कारोबार का पहिया भी थोड़ी-बहुत रफ्तार से घूमने लगेगा। लॉकडाउन-4 पर केंद्र सरकार की ओर से तो गाइड लाइन जारी हो गई लेकिन किसे कितनी राहत मिलेगी, यह मामला अब राज्य सरकार पर अटका हुआ है। 24 घंटे से ज्यादा वक्त गुजरने के बावजूद राज्य सरकार की तरफ से कोई स्थिति साफ न होने से रिटेल कारोबारियों की सांसें भी अटकी हुई हैं। दो महीने से घर पर बैठे परेशान कुछ व्यापारियों ने सोमवार सुबह से डीएम से भी संपर्क किया लेकिन दो टूक जवाब मिला कि राज्य सरकार से दिशा-निर्देश मिलने तक स्थिति जस की तस रहेगी।
दिल्ली की तरह यहां भी खुले बाजार
दिल्ली सरकार ने सभी बाजारों को सशर्त खुलने की अनुमति दे दी है। यूपी में कई जिलों में भी बाजार खुल रहे हैं। गारमेंट, होजरी, बिजली उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर से संबंधित व्यापारी और उपभोक्ता दोनों परेशान हैं। प्रशासन रिटेल चेन जनहित मेें जल्द खुलवाए। चाहे कुछ घंटे ही काम करने का मौका दे। - सतीश अग्रवाल, चेयरमैन, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल
करोड़ों का माल डंप, राहत जरूरी
सहालग और सीजन में इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर सांस लेने की फुर्सत नहीं मिलती है लेकिन फिलहाल स्थिति यह है कि इस सीजन में एक भी एसी और कूलर नहीं बिका है। करोड़ों रुपये का माल डंप हो गया है। प्रशासन को सीमित समय के लिए दुकानों को खुलने की अनुमति देनी चाहिए। - हरीश अरोरा, अध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक बाजार एसोसिएशन
दो घंटे रोज खुले बटलर प्लाजा
सभी सरकारी कार्यालय खुल रहे हैं, ऑनलाइन क्लास भी चल रही हैं। कंप्यूटर जैसे उपकरणों की मांग बढ़ रही है। कंप्यूटर की रिपेयरिंग या पार्ट्स के लिए हर दिन सरकारी कार्यालयों से भी फोन आते हैं लेकिन बाजार न खुलने से कोई काम नहीं हो पा रहा है। प्रशासन रोज कम से कम दो घंटे काम करने का मौका दे।
- विपुल गर्ग, बटलर प्लाजा एसोसिएशन
थोड़ी छूट से ही मिल जाएगी राहत
हालात ऐसे हैं कि लॉकडाउन-4 लागू होना ठीक है लेकिन सुरक्षा के लिए जरूरी शर्तों के साथ व्यापार भी होता रहना चाहिए। सरकार हर मोर्चे पर काफी काम कर रही है। त्योहार के मौके पर प्रशासन अगर व्यापार हित में बाजार में कुछ छूट दे दे तो और बेहतर होगा। - मुख्त्यार मंसूरी, कारोबारी
कुछ घंटे के लिए ही खुलने दें
प्रशासन ने पंखों के सिर्फ थोक कारोबार की अनुमति दी है जिसका रिटेलर को फायदा नहीं मिल पा रहा है। गर्मी से परेशान लोग लोकल और सस्ते कूलर खरीदना चाहते है लेकिन रिटेल बाजार न खुलने से दिक्कत झेल रहे हैं। प्रशासन चाहे कुछ घंटों की अनुमति दे लेकिन बिजली के सामान का रिटेल बाजार खुलना चाहिए।
- रविंद्र यादव, अध्यक्ष बैकमा
लॉकडाउन का स्वागत पर बाजार खुलवाए प्रशासन
व्यापारी नेताओं ने वेबिनार के जरिये लॉकडाउन-4 पर चर्चा करने के साथ जिला प्रशासन से बाजार खुलवाने का आग्रह किया। राजेंद्र गुप्ता ने लॉकडाउन-4 का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारी परेशान है। दूसरे जिलों में बाजार खुल रहे हैं, इसलिए प्रशासन भी प्लान बनाए। वेबिनार में संजीव चांदना, दुर्गेश खटवानी, मनमोहन सब्बरवाल, मोहसिन आलम, अवधेश अग्रवाल आदि ने भाग लिया।
पुलिस ने पंखे की दुकान बंद कराई
बरेली। बरेली कॉलेज रोड पर एक व्यापारी रिटेल में पंखे बेच रहा था। कोतवाली पुलिस ने दुकानदार विनोद अग्रवाल से पूछताछ की तो उसने नियम बताने शुरू कर दिए। इस पर पुलिस ने तुरंत दुकान बंद कर दी। प्रशासन ने 17 मई तक ही 31 थोक व्यापारियों को पंखे बेचने की अनुमति दी थी।