नवाबगंज। स्मार्ट मीटर जबरन लगाने और जेई पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने मंगलवार को बाइपास मार्ग पर पिंक बूथ के सामने जेई का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग उठाई है। उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता उर्फ लल्लू और हरित क्रांति के संयोजक अरविंद आचार्य ने विद्युत निगम पर व्यापारियों का शोषण करने का आरोप लगाया। इस मौके पर आशीष गुप्ता, हरपाल गंगवार, नरेश गंगवार, जीतू चढ्ढा, मनोज शर्मा, सूरज वर्मा, अंकुर राठौर आदि मौजूद रहे।
सुबह काटे, शाम को जोड़ दिए कनेक्शन
विद्युत निगम के कर्मचारियों ने बिजौरिया रोड निवासी आदेश कुमार, पिन्नू कुमार, पप्पू सक्सेना, तीरथ मल, उपेंद्र कुमार के कनेक्शन काटकर स्मार्ट मीटर लगाने की शुरुआत की। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर विद्युत कर्मचारियों ने शाम को कनेक्शनों को दोबारा जोड़ दिया।
जेई ने भी दी तहरीर
अवर अभियंता नीरज कुमार ने भी उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता उर्फ लल्लू के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने थाना नवाबगंज में बताया कि वीरेंद्र गुप्ता ने उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की है। सरकारी काम में बाधा डाली है।