बरेली में प्रभात नगर द्वार के समीप स्थित शोरूम को सील किए जाने और प्रॉपर्टी मलिक व किरायेदार शोरूम संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के विरोध में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) के खिलाफ व्यापारियों में आक्रोश है। शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे व्यापारियों ने शोरूम के बाहर इकट्ठे होकर बीडीए के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर महापौर उमेश गौतम पहुंचे।
मेयर उमेश गौतम का कहना है कि बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारी कर्मचारी अवैध वसूली में व्यस्त हो गए हैं। शोरूम स्वामी से भी 50 हजार रुपये की मांग की गई थी। रुपये न देने की वजह से शोरूम को सील किया गया है। व्यापारियों ने कहा कि बीडीए अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध हुए पुलिस थाने में तहरीर दी जाएगी। अगर रिपोर्ट दर्ज नहीं होती है तो इसके खिलाफ धरना प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। मुख्यमंत्री को लिखित रूप से शिकायत भी करेंगे।
यह है मामला
बता दें कि नक्शा स्वीकृत कराए बगैर निर्माण करने पर बीडीए ने शोरूम को सील किया था। सील तोड़कर शोरूम संचालित करने के आरोप में शोरूम मालिक रोहित और इस प्रॉपर्टी की स्वामी कृष्णा सक्सेना के खिलाफ रिपोर्ट प्रेमनगर थाने में दर्ज कराई गई है।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शनिवार को व्यापारी आक्रोशित हो गए। व्यापारियों और महापौर ने शोरूम के बाहर खड़े होकर बरेली विकास प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी की और उन्होंने कहा कि वह प्रेमनगर थाने जाकर तहरीर देंगे। अगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की तो धरना और प्रदर्शन करेंगे।