बरेली। हुलासनगरा क्रासिंग पर सुबह साढ़े पांच बजे हुए हादसे के बाद सिग्नल सिस्टम खराब हो गया। जिससे चार घंटे हाईवे पर जाम लगा रहा। वहीं ट्रैक पर ट्रक खड़ा देख जब राजधानी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए तो कई यात्री अपनी बर्थ से नीचे गिर पड़े। कई यात्रियों को चोटें भी आईं। शाहजहांपुर में इन यात्रियों का इलाज कराया गया।
दिल्ली से लखनऊ की तरफ जा रही राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार सुबह फतेहगंज पश्चिमी के पास से गुजर रही थी। सुबह-सुबह यात्री गहरी नींद में थे। इस दौरान अचानक ब्रेक लगे तो यात्री बर्थ से नीचे गिर पड़े। किसी की समझ में कुछ नहीं आया। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को चोटें भी आईं। कई यात्रियों की गर्दन में झटके भी लगे। चोटिल यात्रियों का शाहजहांपुर में प्राथमिक इलाज किया गया। ट्रेन करीब दस मिनट तक शाहजहांपुर स्टेशन पर खड़ी रही। वीआईपी ट्रेन में यात्रियों के चोट लगने उत्तर रेलवे मुख्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। दरअसल, रेलवे बोर्ड राजधानी एक्सप्रेस मॉनीटरिंग करता है। रूटीन और साप्ताहिक ट्रेनों को रोककर राजधानी एक्सप्रेस पहले गुजारा जाता है। वहीं बूम टूटने से सिग्नल सिस्टम ठप हो गया। इंजीनियरों की टीम ने चार घंटे कड़ी मशक्कत के बाद साढ़े नौ बजे सिग्नल सिस्टम ठीक किया। इस दौरान हाईवे पर जाम लगा रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। आरपीएफ ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। मुरादाबाद डिविजन के एडीआरएम अश्विनी कुमार ने बताया कि गेट मैन के बयान दर्ज किए गए हैं। जल्द क्रॉसिंग पर आरपीएफ तैनात की जाएगी ताकि दोबारा हादसा न हो।
ट्रेन ओवरशूट कैसे हुई.. होगी जांच
बरेली। सीबीगंज स्टेशन के पास काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस के ओवरशूट करने के मामले में लोको पायलट को मुरादाबाद भेजा गया है। वहां उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच पूरी होने तक उन्हें ट्रेन चलाने की जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। वहीं ओवरशूट करने के बाद ट्रेन का लोको
पायलट बदलकर ट्रेन आगे भेजी गई।
शाम 6.48 बजे नई दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सीबी गंज से गुजर रही थी। स्टेशन से पहले स्टार्टर सिगनल लाल था, लेकिन ड्राइवर ने अनदेखी करते हुए सिगलन को पार कर लिया। लाल सिगनल पर ट्रेन आगे बढ़ते ही पटरियों का डाटा लाक हो गया। तब तक इंजन और चार बोगियां आगे बढ़ गई थी। ट्रेन के लाल सिगनल पार करने की सूचना स्टेशन मास्टर और गार्ड ने मुरादाबाद रेलवे कंट्रोल को दी। ओवर शूट की घटना से मुरादाबाद डिवीजन में हड़कंप मच गया। एडीआरएम के निर्देश पर ड्राइवर को एससी पांडेय को जंक्शन पर उतारकर मेडिकल कराने के बाद एल्कोहल की पुष्टि के लिए ब्लड सैंपल भी लिया गया। इसके बाद ड्राइवर को बुक आफ कर दिया गया। ट्रेन जंक्शन पर करीब एक घंटे तक खड़ी रही। रोजा पैसेंजर के ड्राइवर राजेंद्र कुमार ट्रेन को रोजा तक ले गए। काशी विश्वनाथ का ठहराव रोजा स्टेशन पर न होने पर शाहजहांपुर स्टेशन से ड्राइवर संजीव कुमार और सहायक ड्राइवर ऋषि कुमार को सड़क मार्ग से रोजा भेजा गया। इसके बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी। दूसरी और जंक्शन से मालगाड़ी के ड्राइवर दीप कुमार रोजा पैसेंजर को लेकर रोजा तक गए। एडीआएम अश्विनी कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ड्राइवर एससी पांडेय को मुरादाबाद बुलाया है। जांच पूरी होने तक वह ट्रेन नहीं चला सकेंगे।