एक घंटे रुकी रही ट्रेन, ट्रैक्टर-ट्रॉली को किया सीज, चालक पर रिपोर्ट
फतेहगंज पश्चिमी। भिटौरा रेलवे फाटक पर शनिवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई। इससे 51 मिनट तक यातायात बाधित रहा। इस दौरान एक ट्रेन को रोका गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। जीआरपी ने चालक के विरुद्ध संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया है।
स्टेशन मास्टर रमेश चंद्रा ने बताया कि रहपुरा करीम बक्श सेंटर से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर चालक नूर बक्श मीरगंज चीनी मिल जा रहा था। भिटौरा रेलवे फाटक पर दोपहर करीब डेढ़ बजे रास्ता ऊबड़-खाबड़ होने के कारण रेलवे फाटक पर दोनों लाइन के बीच में ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाली हफ टूट गया। इससे इस मार्ग पर एक किमी तक जाम लग गया। रेलवे पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटावाया। उसके बाद 51 मिनट से खड़ी 13257 दानापुर-आनंद विहार जन साधारण एक्सप्रेस रवाना हो सकी। इस दौरान कई वाहन चालक अन्य मार्गों से रवाना हो गए। इसके लिए उन्हें अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ा। संवाद