फरीदपुर में अवैध खनन करते पुलिस व खनन विभाग ने ट्रैक्टर ट्राली व लोडर मशीन पकड़ी।
फरीदपुर। क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना पर खनन विभाग ने फरीदपुर पुलिस के साथ मिलकर दो ट्रैक्टर-ट्राॅली व एक लोडर मशीन को पकड़कर सीज कर दिया है, जबकि खनन माफिया अन्य डंपर व ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग गए। पुलिस खनन माफिया की तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के मेगी नगला गांव में किसान परेशान हैं। किसानों की फसलों को बर्बाद व रौंदते हुए खनन माफिया रात में जमकर अवैध खनन करते हैं। ग्रामीणों ने कई बार पुलिस व तहसील प्रशासन से शिकायत की, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। रविवार रात मेगी नगला गांव में अवैध खनन चल रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन से की। उच्च अधिकारियों के संज्ञान के बाद खनन विभाग और फरीदपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान खनन माफिया डंपर व ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से तो भाग निकले, लेकिन मिट्टी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्राॅली व लोडर मशीन को पकड़कर सीज कर दिया गया। पुलिस खनन माफियाओं की तलाश कर रही है। संवाद