बहेड़ी। नैनीताल रोड हाईवे स्थित मुड़िया टोल प्लाजा पर रविवार सुबह ऑनलाइन टोल भुगतान पर कार सवार और टोल कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई। सूचना पर गई पुलिस स्थिति को नियंत्रित कर कार सवारों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस के मुताबिक, कार पर लगा फास्टैग काम नहीं कर रहा था। टोल कर्मचारियों ने कार सवार लोगों को ऑनलाइन माध्यम से शुल्क जमा करने के लिए कहा तो भुगतान कर दिया गया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार सवार लोगों ने टोल कर्मचारियों ने मारपीट की। वहां अफरा-तफरी मच गई। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मुड़िया टोल प्लाजा के मैनेजर धनंजय तिवारी ने बताया कि फास्टैग काम न करने पर ऑनलाइन भुगतान कराया गया था। इसपर मारपीट हुई। पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि टोल प्लाजा मैनेजर ने मारपीट की शिकायत की है। पूछताछ के बाद कार सवारों को भेज दिया गया।